धर्मपुर में कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन

धर्मपुर (मंडी)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की धर्मपुर इकाई ने सोमवार को धर्मपुर कालेज में रूसा प्रणाली और छात्रों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। परिषद ने कालेज प्राचार्य को मांगपत्र भी सौंपा। एबीवीपी के इकाई अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि रूसा प्रणाली को लागू करना छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है। उन्होंने सरकार से रूसा प्रणाली को शीघ्र रद करने की मांग भी की। परिषद ने कॉलेज प्रशासन ने मांग की है कि बीएससी और बीकॉम की कक्षाएं शुरू की जाए। रिक्त पदों पर प्राध्यापकों की नियुक्ति की जाए। कॉलेज में बिजली और पानी की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा कॉलेज में एनसीसी, गर्ल्स कॉमन रूम बनाया जाए।
वहीं महाविद्यालय में एनएसयूआई ने भी समस्याओं को लेकर कालेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। एनएसयूआई के इकाई अध्यक्ष पुनीत कुमार ने कहा कि महाविद्यालय के नये भवन का उद्घाटन छह माह पहले किया जा चुका है। अभी तक कॉलेज में किसी तरह की सुविधाएं नहीं हैं। एनएसयूआई ने कालेज प्रशासन को चेताया कि अगर शीघ्र ही छात्रों को सुविधा नहीं दी तो एनएसयूआई संघर्ष के लिए बाध्य होगी।

Related posts