सांकेतिक भूख हड़ताल आज से

चंबा। स्थानीय कॉलेज में अखिल विद्यार्थी परिषद की स्थानीय इकाई की बैठक का आयोजन जिला संगठन मंत्री विक्रम शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। बैठक के दौरान संगठन के कार्यक्रमों की समीक्षा व आगामी योजनाआें के बारे में चर्चा की गई। इसके चलते विक्रम शर्मा ने कहा कि रूसा प्रणाली के खिलाफ 15 से 16 जुलाई तक एबीवीपी पूरे प्रदेश भर में सांकेतिक भूख हड़ताल करेगी। उन्होंने कहा कि यह भूख हड़ताल चंबा जिला के सभी कॉलेजों में होगी। रूसा प्रणाली के अलावा फीस वृद्धि, 45 दिनों के भीतर परीक्षा परिणाम व स्थानीय मुद्दे इसे भूख हड़ताल के प्रमुख बिंदू होंगे। विक्रम शर्मा ने कहा कि इन दिनों एबीवीपी का पूरे जिले में सदस्यता अभियान चला हुआ है। इस अभियान के तहत अभी तक एबीवीपी ने करीब 600 सदस्य बनाए हैं। उन्होंने कहा कि चंबा कॉलेज में अभी तक 320 छात्राें को विद्यार्थी परिषद की विचारधारा के साथ जोड़ा गया है। यह अभियान 18 जुलाई तक चलाया जाएगा। साथ ही इस अभियान के तहत करीब 2000 छात्रों को एबीवीपी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा ही छात्र हित की लड़ाई लड़ती रही है। यह लड़ाई भविष्य में भी जारी रहेगी। रूसा प्रणाली आज छात्रों के लिए एक परेशानी का सबब बन कर रह गई है। आम छात्र रूसा प्रणाली से काफी प्रभावित हो रहा है। बैठक में जिला संयोजक भुवनेश, चैन लाल, अश्वनी, गौरव, नीरज, राकेश, हेमराज, चैन लाल, नरेश रावत, विपिन, विशाल, मुल्ख राज, नीतेश, देश राज, बसंत व शेर सिंह उपस्थित रहे।

एसएफआई आज करेगी धरना प्रदर्शन
चंबा। स्थानीय कॉलेज में एसएफआई कार्यकर्ताओं ने एक बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष सतीश शर्मा ने की। बैठक के दौरान छात्रों को पेश आ रही समस्याओं के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सतीश शर्मा ने हमीरपुर में हुए एसएफआई के सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। इसके साथ ही आगामी दिनों की संगठन की गतिविधियों के बारे में रणनीति बनाई गई। उन्होंने कहा कि मंगलवार को एसएफआई छात्रों की समस्याओं को लेकर कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन करेगी। साथ ही मांगों को लेकर छात्रों को लामबंद किया जाएगा। एसएफआई हमेशा ही छात्र हित के लिए आंदोलन करती आ रही है और भविष्य में करती रहेगी। इस दौरान सतीश, सबू, रोहित, गौरव, संजू, अनिल, राजेंद्र, सुरेंद्र, अनिल, विनोद, देवेंद्र सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts