
लखनऊ : अयोध्या में राम मन्दिर आन्दोलन में सक्रिय रहे विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के वरिष्ठ नेता आचार्य गिरिराज किशोर के निधन पर विहिप नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है। आचार्य गिरिराज किशोर का आज देर शाम दिल्ली स्थित विहिप कार्यालय आर.के. पुरम में निधन हो गया। वह काफी दिनों से बीमार चल थे और विहिप के केन्द्रीय कार्यालय में रहते थे। उनके निधन पर विहिप महामंत्री चम्पत राय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आचार्य जी के निधन से समाज और संगठन की अपूर्णीय क्षति हुई है।
आचार्य गिरिराज किशोर राम मन्दिर आन्दोलन में काफी सक्रिय थे। और छह दिसम्बर 1992 को अयोध्या में विवादित ढांचा ध्वस्त किये जाने के मामले में आरोपी थे। उनके खिलाफ रायबरेली में सीबीआई की विशेष अदालत में मुकदमा अभी भी लम्बित है। उनके निधन पर अयोध्या में विहिप मुख्यालय में एक शोक सभा हुई जिसमें उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। सभा में विहिप के शरद शर्मा ने कहा कि आचार्य जी को सामाजिक सेवा के कारण हमेशा याद किया जायेगा।
