बैंक खाते से हजारों समेट गया शातिर

मंडी। मंडी शहर की एक स्वास्थ्य विभाग कर्मी भी साइबर क्राइम लूट का शिकार हो गई। उनके खाते से शातिर ने 22 हजार रुपये उड़ा लिए। स्वास्थ्य कर्मी हितेंद्रा ने बताया कि दस दिन पूर्व उनके मोबाइल नंबर पर फोन आया और फोन करने वाले शख्स ने कहा कि वह भारतीय स्टेट बैंक से बोल रहे हैं। आपके एटीएम कार्ड का रिन्यूल होना है। आप अपना खाता नंबर और एटीएम का पिन नंबर बताएं। हितेंद्रा ने यही सोचा कि यह फोन बैंक से आया होगा, तो उसने अपना खाता नंबर और एटीएम का पिन उन्हें बता दिया। कुछ देर बाद किसी दूसरे नंबर से एक मेसेज आया कि अब आपका पिन नंबर बदल दिया है।
शुक्रवार को उसे पैसों की जरूरत पड़ी और वह अपना एटीएम कार्ड लेकर एटीएम से पैसे लेने गई तो मशीन ने पैसे निकालने से मना कर दिया। खाते में बैलेंस नहीं था। हितेंद्रा ने गांधी चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में अपने खाता संख्या 11056444928 के बारे में पूछताछ की तो पाया कि उसके खाते में महज एक हजार शेष हैं। 22 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। हितेंद्रा ने इस बारे में मंडी शहर की पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। वहीं बैंक में भी अपना एटीएम लॉक करवा दिया है लेकिन उसके खाते से 22 हजार रुपये तब तक साफ हो चुके हैं। हितेंद्रा ने मंडी पुलिस से आग्रह किया है कि वह शातिरों को जल्द पकड़े।

Related posts