

भारतीय जनता पार्टी के सांसद गिरिराज सिंह के घर से चोरी हुई नकदी और गहनों को पुलिस ने बरामद कर लिया है लेकिन इसके बाद वह एक नए विवाद में घिरते नज़र आ रहे हैं।
इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है जिनके पास से एक करोड़ पंद्रह लाख रुपये नकद, 600 अमेरिकन डॉलर, सोने और चांदी के गहने और छह मंहगी घड़ियां बरामद की गईं।
कहां से आया पैसा

पुलिस ने कहा है कि हिरासत में लिये गये लोगों में नवादा से सांसद गिरिराज सिंह का बाडीगार्ड, घरेलू नौकर, अपार्टमेंट का सिक्योरिटी गार्ड और उनका एक और साथी शामिल है।
इन लोगों ने उस समय घर में घुसकर चोरी की जब सांसद दिल्ली गये हुए थे। पुलिस ने चोरी का मामला तो सुलझा लिया है लेकिन अब सवाल ये है कि गिरिराज सिंह के पास इतना पैसा आया कहां से?
देना होगा हिसाब

लोकसभा चुनाव के दौरान गिरिराज सिंह ने जो हलफनामा दाखिल किया था उसके मुताबिक उन्होंने अपनी संपत्ति दो लाख से कुछ अधिक बताई थी। अब उन्हें इस पैसे का हिसाब देना होगा।
पटना के श्रीकृष्णपुरी इलाके के शिवम अपार्टमेंट से सोमवार को हुई इस चोरी की वारदात ने पटना पुलिस के होश उड़ा दिए थे। पुलिस ने तुरंत जगह जगह नाकेबंदी कर दी थी।
पैसा है किसका?

पुलिस की सख्ती के चलते बदमाश इस पैसे को पटना से बाहर नहीं ले जा पाए, और एक टैंपो से पुलिस ने तमाम पैसे बरामद कर लिए। एसएसपी मनु महाराज ने कहा कि फिलहाल मामले की तहकीकात जारी है।
इस मामले में बोलने से पहले तो गिरिराज सिंह बचते रहे लेकिन बाद उन्होंने कहा कि पैसा उनके रिश्ते के एक भाई का है और उनके यहां ये पैसा सिर्फ रखा हुआ था।
