105 छात्रों के भविष्य पर तलवार!

नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। इसी सत्र से खुले राजकीय डिग्री कॉलेज नगरोटा सूरियां में बीए प्रथम वर्ष आर्ट्स संकाय में छात्र संख्या 105 हो गई है, लेकिन कॉलेज में मात्र एक शिक्षक की ही नियुक्ति हो पाई है। रूसा के तहत बीए प्रथम वर्ष आर्ट्स संकाय में सात विषय हैं। उन्हें पढ़ाने के लिए सात ही प्रवक्ताओं की जरूरत है।
बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश प्राप्त रंजना, रवीना, शीतल कुमारी, वंदना कुमारी, श्वेता कुमारी, स्नेहा, ममता, प्रियंका पटियाल, नेहा पटियाल, अंजना देवी, दिव्या भारती, अंजली देवी, मंजू बाला, शिल्पा सन्याल, सोना देवी, काजल देवी, भावना कुमारी, मीना कुमारी, स्माइली, दीक्षा गुलेरिया, सुमन देवी, पूजा, शिल्पा, लक्ष्मी, अर्पना देवी, शीतल शर्मा, श्वेता देवी, मीना कुमारी, मंजू देवी, अनुराधा चौधरी, आरजू देवी, श्वेता, रिया रानी और प्रेमलता आदि ने बताया कि सोमवार को कोई भी प्राध्यापक कॉलेज में मौजूद नहीं था। सभी छात्र 21 जून से लगातार कॉलेज में आ रहे हैं। हरिपुर गुलेर कॉलेज से हिंदी के प्रवक्ता ही उन्हें पढ़ाते रहे हैं। रूसा नियमों के तहत उन्हें बताया गया है कि नवंबर या दिसंबर में प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा होगी। उससे पहले अगस्त में तिमाही पेपर भी होने हैं। ऐसे में उन्हें लग रहा है कि कॉलेज में यदि टीचिंग स्टाफ नहीं आएगा तो पढ़ाई कैसे संभव हो पाएगी।
उन्होंने रोष प्रकट किया कि मुख्य संसदीय सचिव शिक्षा विभाग नीरज भारती भी इसी इलाके का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कॉलेज खोलने का उन्हें धन्यवाद देते हैं, लेकिन यदि टीचिंग स्टाफ उपलब्ध नहीं करवाना था तो कॉलेज में प्रवेश ही क्यों शुरू किया गया। उन्होंने मांग की है कि शीघ्र ही टीचिंग स्टाफ उपलब्ध करवाया जाए या फिर उन्हें मजबूरन नजदीकी कॉलेज में माइग्रेट होना पड़ेगा। उप सचिव शिक्षा पुष्पा चौधरी ने कहा कि कॉलेज में शीघ्र ही स्टाफ उपलब्ध करवा दिया जाएगा।

Related posts