सड़क खोद कर दुरुस्त करना भूला आईपीएच

मंडी। यहां के भगवाहन से बंगला मुहल्ला को जाने वाली सड़क को सीवरेज चैंबर बनाने के लिए आईपीएच विभाग ने उखाड़ तो दिया लेकिन सड़क में गड्ढे को अभी तक ठीक नहीं किया। इस कारण अक्सर राहगिरों को हादसे की आशंका सता रही है। भगवाहन मुहल्ला निवासी जितेंद्र कौशिक, पंकज मोदगिल, कुलदीप शर्मा, समीर कश्यप, तिलकराज, राकेश और जतिन ने डीसी मंडी देवेश कुमार ज्ञापन देकर सड़क की जल्द रिपेयर करवाने की मांग की है।
लोगों ने बताया कि वार्ड नंबर 9 भगवाहन मुहल्ला चौक में एक सीवरेज का टैंक बार-बार लीकेज कर रहा है। इससे यहां वहां गंदगी बिखर रही है। अनेकों बार सूचित करने पर इस टैंक को ठीक करने के लिए आईपीएच विभाग के अधिकारियों ने निर्देश दिए थे। दो सप्ताह पूर्व भगवान मुहल्ला से बंगला मुहल्ला को जाने वाली सड़क पर एक जगह गड्ढा खोदकर सीवरेज चैंबर बनाने की कोशिश की गई। लेकिन चैंबर के लिए यह जगह ठीक न होने पर इस गड्ढे को आधा अधूरा भरकर छोड़ दिया गया। इसके बाद विभाग की ओर से इस गड्ढे को ठीक करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। यह गड्ढा लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण और दुर्घटना का सबब बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने आईपीएच विभाग के सीवरेज विंग की ओर से न तो लीकेज हो रहे टैंक को ठीक किया जा सका है। बल्कि इसे ठीक करने की कवायद में सड़क पर गड्ढा बना देने से एक नयी आफत स्थानीय लोगों के सामने आ गई है।स्थानीय वासियों ने डीसी मंडी से आग्रह किया है कि जल्दी से जल्द सड़क पर बने इस गड्ढे को ठीक करके लोगों को राहत पहुंचाई जाए।

Related posts