
कांगड़ा। विधायक पवन काजल ने कहा कि प्रदेश विवि की वार्षिक परीक्षाओं में कांगड़ा विस से आईआरडीपी परिवार से संबंधित पहले या दूसरे स्थान पर आने वाले छात्र को विधायक निधि से पांच लाख रुपये जबकि सामान्य तथा ओबीसी श्रेणी के छात्र को दो लाख रुपये बतौर पुरस्कार दिए जाएंगे। सोमवार को डीएवी कॉलेज कांगड़ा के नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर हवन यज्ञ में उन्होंने आहुति डाली। विधायक ने कहा कि सरकार ने डीएवी कॉलेज में केमिस्ट्री तथा गणित में एमएससी की कक्षाओं के लिए 40-40 सीटों को मंजूरी प्रदान की है। अगले वर्ष से कॉलेज में एमसीए की कक्षाएं भी शुरू करवा दी जाएंगी। कॉलेज में अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए काजल ने विधायक निधि से पांच लाख रुपये तथा लंबित ग्रांट इन एड तथा अन्य मांगों को सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया।
