शंकराचार्य ने साईं मंदिर पर फिर दिया विवादित बयान, कहा चढ़ावे में आता है काला धन

शंकराचार्य ने साईं मंदिर पर फिर दिया विवादित बयान, कहा चढ़ावे में आता है काला धन

नई दिल्ली: द्वारकापीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने साईं को लेकर फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि शिरडी के साईं मंदिर में काला धन चढ़ावे में आता है। उन्होंने कहा कि शिरडी में चढ़ाया जा रहा धन गलत तरीके से कमाया गया काला धन है। उसे गरीबों ने नहीं चढ़ाया है। शिरडी में जो भी बड़ा चढ़ावा होता है वह अमीरों और रईसों की ओर से चढ़ाया गया कालाधन है। जो दान के जरिए कर से बचने या अपने धन को सफेद करने दिया जाता है।

शंकराचार्य ने कहा मेरे विरोध करने पर साईं ट्रस्ट का चढ़ावा बढ़ रहा है उन्होंने इस धन की जांच कराए जाने की मांग की है। साईं पर पूर्व में दिए अपने बयान पर कायम रहते हुए उन्होंने कहा कि वह देश और लोगों का कल्याण चाहते हैं और वह लोगों को यह शास्त्र सम्मत बात बताना चाहते हैं कि साईं कोई भगवान नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सांई के लिए मैंने अब तक जो भी कहा है उससे चारों पीठ के शंकराचार्य सहमत हैं। इससे पहले शंकराचार्य ने कहा था कि शिरडी के साईं बाबा मुसलमान थे, इसलिए हिन्दुओं को उनकी पूजा नहीं करनी चाहिए। शंकराचार्य ने यह भी कहा था कि साईं बाबा को जिन लोगों ने भगवान घोषित किया था, वे लोग हिन्दू धर्म को कमजोर करना चाहते थे साईं भक्ति हिंदू समाज के लिए नासूर है उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को बचाना है तो नासूर को अलग करना ही होगा।

उन्होंने यह भी कहा था कि साईं की आरती में साईं को मोमिन वंश से बताया गया है, लिहाजा साईं मुसलमान थे। साईं बाबा को एक हिंदू भगवान का दर्जा दिए जाने को लेकर आपत्ति जताते हुए शंकराचार्य ने कहा था कि वह मांस खाते थे और अल्लाह की पूजा करते थे ऐसा आदमी हिंदू देवता कभी नहीं हो सकता।

Related posts