सूही मेले को मिलेगा जिला स्तरीय दर्जा

सूही मेले को मिलेगा जिला स्तरीय दर्जा
चंबा। जिला चंबा में मनाए जाने वाले महिलाओं और बच्चों के त्यौहार सूही मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा मिलेगा। नगर परिषद ने मेले का दर्जा बढ़ाने के लिए सरकार को जो प्रस्ताव भेजा था सरकार ने उसे स्वीकार कर लिया है। इसके अलावा सरकार ने औपचारिकताएं पूरी करने संबंधी मांगी गई सूचना भी उपायुक्त के माध्यम से सरकार को प्रेषित कर दी है।
नगर परिषद ने करीब तीन माह पहले हाउस में सूही मेले का दर्जा बढ़ाने संबंधी एक प्रस्ताव पारित किया था। इस प्रस्ताव की एक प्रतिलिपि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और एक प्रतिलिपि वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी को भेजी थी। सरकार ने प्रस्ताव को मंजूर कर लिया है। इसके अलावा इस मेले जिला स्तरीय मेले का दर्जा देने के लिए जिला प्रशासन को औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद उपायुक्त ने नगर परिषद परिषद व भाषा विभाग से मेले के इतिहास, मेले में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेले पर खर्च होने वाली राशि, लोगों की संख्या व इस मेले के ऐतिहासिक महत्व संबंधी सूचना मांगी थी। नगर परिषद ने पूरी औपचारिकताएं पूरी कर इसकी प्रतिलिपि उपायुक्त को भेज दी है। अब उपायुक्त के माध्यम से यह प्रतिलिपि सरकार को भेजी जाएगी और इस मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा मिल जाएगा। नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि मेले का दर्जा बढ़ाने संबंधी सरकार को भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। सरकार द्वारा मांगी गई सूचना भी उपायुक्त को भेज दी है।

सूही मंदिर में तीन दिन चलता है मेला
अप्रैल माह में बैैसाखी से तीन दिन पहले सूही मेले का आयोजन किया जाता है। जिला मुख्यालय स्थित सूही मंदिर में तीन दिन आयोजित होने वाले इस मेले में केवल महिलाएं व बच्चे ही हिस्सा ले सकते हैं। इसके चलते इस मेले को महिलाओं व बच्चों का त्यौहार भी कहा जाता है। मेले के दौरान भरमौर की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले पारंपरिक नृत्य और लोकगीत मेले का मुख्य आकर्षण होता है।

मेले में बढे़ंगी सुविधाएं
इस मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा मिलने से जहां मेले के लिए सरकार की ओर से आयोजन को राशि मिलेगी, वहीं मेले में सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मौजूदा समय में मेले का आयोजन नगर परिषद द्वारा किया जाता है। इसके अलावा सारा खर्च नगर परिषद वहन करती है।

Related posts