
शाहपुर (कांगड़ा)। प्रदेश की विभिन्न आईटीआई में अपनी फाइनल परीक्षाएं दे रहे प्रशिक्षुओं और आईटीआई पास आउट प्रशिक्षुओं के लिए इस माह नौकरियों की भरमार लगेगी। इस माह आईटीआई शाहपुर में दो बड़ी कंपनियों की ओर से कैंपस इंटरव्यू का आयोजन कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाएं जाएंगे। 10 जुलाई और 15 जुलाई को आयोजित होने वाले कैंपस इंटरव्यू में करीब 350 युवाओं को रोजगार का मौका मिलेेगा। आईटीआई के प्रधानाचार्य एसके लखनपाल ने बताया कि 10 जुलाई को आईटीआई में टाटा मोटर की ओर से कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा। जिसमें फिटर, एमएसबी, डीजल मैकेनिक, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट, पेंटर, एसएमडब्ल्यू, इलेक्ट्रीशियन और सीओई फिटिंग, वेल्डिंग, फेब्रिकेशन, प्रोडक्शन और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के 18 से 26 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकते है। कैंपस इंटरव्यू में चयनित युवाओं को 7000 हजार रुपये मासिक सैलरी के साथ कंपनी द्वारा अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। इसके अलावा 15 जुलाई को एब्वोट हेल्थकेयर लिमिटेड द्वारा आयोजित इंटरव्यू में इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रोनिक्स, फिटर और सीओई ट्रेड के 18 से 23 वर्ष के युवा भाग ले सकते हैं। कंपनी के एचआर मैनेजर मनीष सिंघला ने बताया कि इंटरव्यू में चयनित युवाओं को वजीफे के साथ अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
