
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। मां ज्वालाजी के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालु बाबा की मां की चरणों को स्पर्श करने के बाद अचानक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को ज्वालामुखी में एक श्रद्धालु ज्वाला मैया के दर्शनाें को पहुंचे थे। सुबह जब उन्हाेंने मंदिर की पौड़ियों पर बनी मैया की चरण पादुका पर शीश नवाया तो उसी दौरान वहां पर अचानक गिर गए। ड्यूटी पर तैनात मंदिर चौकी इंचार्ज ओंकार ने तुरंत मंदिर डिस्पेंसरी के वरिष्ठ डा. विनोद शुक्ला को श्रद्धालु बाबा की जांच करने के लिए कहा। डाक्टर ने बताया कि इनकी सांस नहीं चल रही है। स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सब इंस्पेक्टर अशोक शर्मा की टीम ने मंदिर परिसर के बाहर पौड़ियों से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को मिले आई कार्ड से बाबा की पहचान नत्थू लाल (70) पुत्र कुंभकरण निवासी गांव और डाकखाना बुठला दौलत, तहसील व जिला बंदायू (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनाें को घटना की सूचना दी है। मंदिर अधिकारी देवी राम और पुजारी महासभा एवं मंदिर ट्रस्ट प्रधान दिव्यांशु भूषण और मंदिर के समस्त पुजारी वर्ग ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। डीएसपी देहरा बीडी भाटिया ने बाबा की मौत की पुष्टि की है।
