चार गांवों में गहराया जल संकट

चार गांवों में गहराया जल संकट
तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत जसौरगढ़ के चार गांवों में नियमित रूप से पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। इसके कारण करीब 50 परिवारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस पंचायत के नंगाली, सियारूण, रखालू और सलोह गांवों के लिए सलोह से पेयजल लाइन बिछाई गई है। इस पाइप लाइन करीब तीस साल से मरम्मत नहीं हुई है। इसके कारण पाइपें जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। करीब एक माह से इन गांवों पानी की आपूर्ति नियमित रूप से नहीं हो रही है।
स्थानीय निवासी चतर सिंह, कुलदीप कुमार, शेर सिंह, विजय कुमार, अशोक, लाल चंद, रूप लाल, चमन सिंह, चैन लाल, दिनेश कुमार और प्यार चंद ने बताया कि नियमित रूप से पेयजल सप्लाई न होने से गांववासियों को पानी के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत की जाए और गांवों में पानी की आपूर्ति सुचारु की जाए। इस संबंध में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि समस्या उनके ध्यान में है। जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

Related posts