‘एंटनी कर रहे हैं सोनिया गांधी से दगाबाजी’

‘एंटनी कर रहे हैं सोनिया गांधी से दगाबाजी’

अलीगढ़: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र लिखकर मुसलमानों के एक सामाजिक संगठन मिल्लत बेदारी मुहिम कमिटी ने कांग्रेस नेता ए. के. एंटनी के उस बयान पर हैरानी जताई है जिसमें उन्होंने अपनी ही पार्टी पर कथित रूप से अल्पसंख्यकों के तुष्टिकरण का आरोप लगाया है। कमिटी ने एंटनी के बयान को मुसलमानों को कांग्रेस पार्टी से अलग-थलग करने और पार्टी के भीतर सोनिया गांधी के नेतृत्व को अस्थिर करने की साजिश करार दिया।


कमिटी के सचिव जासिम मोहम्मद ने कहा कि सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक दृष्टि से पहले ही बेहद पिछड़े मुस्लिम समाज को एंटनी के बयान से झटका लगा है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज की मुफ्त तोहफों और पैकेजों में कोई दिलचस्पी नहीं है, जैसा कि पिछले दिनों कांग्रेस शासित राज्यों आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र सरकारों द्वारा पेश किया गया है।


मुस्लिम समाज समान अवसर और न्याय व्यवस्था की चाह रखता है। जासिम ने कांग्रेस शासित राज्यों द्वारा मुसलमानों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण दिए जाने के पेशकश को उन्हें बेवकूफ बनाने की कोशिश करार देते हुए कहा कि उन्हें अच्छी तरह पता था कि उनका कदम अदालत में खारिज कर दिया जाएगा।

Related posts