सुनील ने भारत की झोली में डाला गोल्ड

रोहडू। क्षेत्र के करासा निवासी सुनील विक्टर ने मिक्सड मार्शल आर्ट विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता है। 20 से 22 जून तक रूस में हुई प्रतियोगिता में 17 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। सुनील ने फाइनल में रूस के फाइटर को हराया। सुनील की इस उपलब्धि से उनके परिजन और प्रशिक्षक भी उत्साहित हैं। मिक्सड मार्शल आर्ट विश्व चैंपियनशिप रूस के टैगनरौग शहर के रोस्टव रीजन में हुई। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सुनील विक्टर ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम में सुनील विक्टर के अलावा विभिन्न राज्यों के पांच अन्य सदस्य भी शामिल थे। सुनील इससे पहले राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी लोहा मनवा चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल कर सुनील ने रोहडू के साथ हिमाचल का भी नाम रोशन किया है। बेटे की उपलब्धि पर पिता रामेश्वर सिंह बेहद खुश हैं। सुनील विक्टर ने बताया कि भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। बताया कि बॉक्सिंग कोच सुविंद्र कायथ तथा मार्शल आर्ट आल इंडिया चीफ से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। पिता रामेश्वर सिंह से उन्हें प्रेरणा मिली है। गोल्ड मेडल जीतने से वह काफी खुश हैं। भारतीय मिक्सड मार्शल आर्ट महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज कुमार सैनी तथा प्रदेश मार्शल आर्ट संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार शर्मा ने भी सुनील विक्टर को बधाई दी है।

Related posts