रिक्त पदों की भर्ती का उठा मुद्दा

बरोटीवाला (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला के स्कूल प्रबंधन समिति (पीटीए) की बैठक में स्कूल में रिक्त पड़े पदों पर भर्ती नहीं होने का मुद्दा उठाया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के अध्यक्ष सोहन सिंह ने कहा कि कॉमर्स की 11वीं व 12वीं कक्षाओं को एक ही प्रवक्ता पढ़ा रहा है। यहां से जनवरी माह में एक ही प्रवक्ता स्थानांतरण हो गया है। जिसके चलते यह समस्या आई है। भाषा अध्यापक का भी एक पद रिक्त है। अकेले शास्त्रीअध्यापक के भरोसे हिंदी की कक्षाएं चल रही हैं। जमा एक में 411 बच्चे हैं। ऐसे में यहां पर स्वीकृत पदों से कार्य नहीं चल रहा है। हिंदी, राजनीति शास्त्र, इतिहास में 250-250 बच्चे एक-एक ही कक्षा में है।
सोहन सिंह ने बताया कि स्कूल में 13 सौ पचास बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल में लिपिक का पद भी खाली होने से अध्यापकों को ही उसका कार्य भी करना पड़ रहा है। स्कूल की प्रधानाचार्य राजेश रानी ने बताया कि स्कूल में बच्चों की संख्या को देखते हुए स्टाफ कम पड़ रहा है। इस बारे में वीरवार को उपनिदेशक जीवन शर्मा को भी अवगत कराया गया।
उधर, उपनिदेशक जीवन शर्मा ने स्टाफ की कमी होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मासिक रिपोर्ट में शिक्षा विभाग के निदेशक को अवगत कराया जाएगा। नई नियुक्ति होने पर यहां पर प्राथमिकता के आधार पर स्टाफ को तैनात किया जाएगा। बैठक में अभिभावक रामकरण, बृजलाल, भूपेंद्र सिंह, गुरनाम सिंह, पवन कुमार, चंद्र कुमार, शारीरिक अध्यापक सुरेंद्र मेहता, एनसीसी प्रभारी बबिता परमार, रामकिशन, शब्बीर मोहम्मद, प्रेम मेहता, समरिता डोगरा और नितिमा शर्मा ने भाग लिया।

Related posts