रंजिश के चलते दो की निर्मम पिटाई

बद्दी (सोलन)। रंजिश के चलते कोटियां गांव में दिन-दिहाड़े दो गुटों में जमकर डंडे चले। इस दौरान एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान उसने साथ लगती पीएचसी में शरण ली, जहां चिकित्सक ने उसे हमलावरों से छुड़ाया। गंभीर हालत में युवक को नालागढ़ अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर साढ़े 12 बजे कोटियां गांव के आशा राम और उसका चचेरा भाई विक्रम बरोटीवाला बाइक पर आए। जब वह दोनों स्कूल के समीप पहुंचे तो वहां पर पहले से कुड़ांवाला गांव के धर्मेंद्र उर्फ डोगर, सतीश, भरत और रोबिन खड़े थे। भरत व रोबिन ने इन दोनों को पकड़ा तथा धर्मेंद्र व सतीश ने डंडों से इनके सिर पर वार किए। विक्रम तो किसी तरह छूट कर भाग गया लेकिन आशा राम इनके चंगुल से नहीं छूट पाया और वह लहूलुहान हो गया। किसी तरह वह साथ लगती पीएचसी में पहुंचा जहां पर डॉ. शोमीन धीमान ने हस्तक्षेप कर उसे इन हमलावरों के चंगुल से बचाया। आशा राम (21) के सिर पर गंभीर चोटें हैं। उसे एक्सरे व सिटी स्कैन के लिए पीएचसी से नालागढ़ के लिए रेफर कर दिया है। एसपी अरुल कु मार ने बताया कि धर्मेंद्र और सतीश के खिलाफ पहले ही बरोटीवाला पुलिस में दो मामले चले हुए हैं। इन दोनों युवकों ने क्षेत्र में दहशत फैलाई हुई है। पहले मामलों में भी चार बार नोटिस देने के बाद भी वह पुलिस थाने नहीं पहुंचा है। बरोटीवाला पुलिस ने धारा 341, 323, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस शीघ्र ही आरोपियों को दबोच लेगी।

Related posts