बस की टक्कर से महिला टूरिस्ट की मौत

मंडी। पश्चिम बंगाल से हिमाचल घूमने आए एक दंपति की सारी खुशियां पल भर में चकनाचूर हो गईं। मंडी शहर के सौली खड्ड में इवनिंग वॉक के लिए जा रही महिला टूरिस्ट को एक बस ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी हिमाचल घूमने आए थे और नौ जून से यहीं पर थे। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। मृतका की पहचान दोतिया सरकार पत्नी अरुण सरकार निवासी डीबीसी मायापुर डाकघर तालबगीचा जिला वेस्ट मेदनीपुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अरुण सरकार अपनी पत्नी दोतिया सरकार के साथ हिमाचल घूमने आए थे। वीरवार को दिन भर कुल्लू-मनाली घूमने के बाद शाम को मंडी आए। सौली खड्ड में एक होटल में कमरा लेकर ठहरे थे। देर शाम करीब साढ़े आठ बजे दंपति होटल से निकलकर इवनिंग वॉक के लिए जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार निजी बस ने महिला को टक्कर मार दी। घटना के बाद महिला को जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक बस चालक बस को खड़ा करने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर उसे पति अरुण सरकार को सौंप दिया है। फिलहाल बस चालक को हिरासत में नहीं लिया जा सका है। एसपी मंडी आरएस नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने भीमसेन को गिरफ्तार किया है।

Related posts