
मलोखर (बिलासपुर)। खारसी-नवगांव सड़क भारी बारिश के कारण बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। अब इस सड़क पर बड़े वाहन नहीं चल सकते। मलोखर के समीप पुलिया टूट गई है। जगह-जगह डंगे क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इस कारण इस सड़क पर लोनिवि ने बडे़ वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया है।
इससे ट्रक ऑपरेटरों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऑपरेटरों को जुखाला होते हुए लंबे मार्ग द्वारा जेपी कंपनी के सीमेंट प्लांट तक पहुंचना पड़ेगा। लोनिवि ने उद्योग प्रबंधन को भी इस बारे पत्र भेजकर गाड़ियां बंद करने की मांग की है। पुलिस से भी इसकी मांग की है। लोनिवि के सहायक अभियंता दीपक सुरहैली ने बताया कि सड़क मार्ग जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इस सड़क की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस वजह से इस सड़क पर फिलहाल बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। कनिष्ठ अभियंता एनसी मट्टू ने बताया कि इस बारे पुलिस को भी सहयोग के लिए लिखा गया है। चौकी प्रभारी जगपाल ने बताया कि शनिवार सुबह दस बजे से ट्रकों को रोका जाएगा। दिनभर इस सड़क पर ट्रक नहीं चलेंगे। सड़क का कार्य पूर्ण होने के बाद बड़े वाहनों को भी इस सड़क पर जाने की अनुमति दी जाएगी।
