20 कब्जाधारियों को नोटिस जारी

तीसा (चंबा)। भंजराडू बस स्टैंड से अवैध खोखे हटाए जाएंगे। एचआरटीसी ने निगम की भूमि पर कब्जा करके बैठे 20 लोगों को नोटिस जारी कर दिए हैं। इसके अलावा पांच दिन के भीतर जगह खाली करने के निर्देश दिए हैं। इस अवधि के बीच अवैध कब्जे नहीं हटाए जाते हैं, तो एचआरटीसी खुद अवैध कब्जे हटाएगी। इसके अलावा अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है। भंजराडू बस स्टैंड पर लगभग 50 लोगों ने अवैध तरीके से कब्जा कर रखा है और खोखे बना दिए हैं। ये लोग पिछले करीब 15 साल से यहां पर कारोबार कर रहे हैं। अब एचआरटीसी ने इन कब्जों को यहां से हटाने का निर्णय लिया है। इसके चलते 20 लोगों को नोटिस जारी कर पांच दिन के भीतर अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए हैं। दुकानदार चमन सिंह, साक मोहम्मद, पिंकू राणा, बाबर खान, मीर सिंह, लियाकत अली ने एचआरटीसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी उनके साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी की भूमि पर करीब 50 अवैध कब्जे हैं, लेकिन एचआरटीसी ने केवल 20 लोगों को नोटिस दिए हैं, जो नियमों के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि अगर कब्जे हटाए जाने हैं, तो सभी हटाए जाएं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जब तक बस स्टैंड का निर्माण शुरू नहीं होत तब तक उनकी दुकानें न उखाड़ी जाएं।

कोर्ट के निर्णय के बाद दिए नोटिस: अनूप राणा
आरएम अनूप राणा ने बताया कि एचआरटीसी ने उसकी भूमि पर अवैध निर्माण करने वाले 20 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि निगम की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला कोर्ट में गया था, कोर्ट का फैसला निगम के हक में आने पर इन 20 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे न हटाने पर इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts