ट्रेनिंग प्रोगाम के लिए दिया अंतिम मौका

चंबा। जिले के करीब 200 स्कूलों के लिए साइंस इंस्पायर अवार्ड स्कीम को ऑनलाइन करने का एक और मौका है। इन स्कूलों के लिए 23 जून को जिला मुख्यालय स्थित बीआरसी कार्यालय में ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा। इसमें शिक्षकों को साइंस इंस्पायर अवार्ड स्क ीम को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके बाद इस प्रकार के ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन नहीं होगा। अगर किसी स्कूल के शिक्षक प्रशिक्षण पाने से वंचित रह जाते हैं, तो संबंधित स्कूल में इंस्पायर अवार्ड स्कीम ऑनलाइन नहीं हो पाएगी। ऐसे में स्कूली बच्चे इस स्कीम के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि पाने से वंचित रह सकते हैं। साइंस इंस्पायर अवार्ड स्कीम के जिला नोडल अधिकारी अजय चौहान ने बताया कि इससे पहले चार चरणों में जिले के सैकड़ों स्कूलों के शिक्षकों को इस स्कीम को ऑनलाइन करने का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बचे हुए 200 स्कूलों के लिए 23 जून को ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किया जा रहा है। इसमें सभी स्कूलों का भाग लेना अनिवार्य है। सभी स्कूलों के शिक्षक अपने-अपने स्कूल की ई-मेल आईडी भी बना लें। उन्होंने कहा कि 25 जून से स्कूलों में ग्रीष्मकालीन छुट्टियां पड़ जाएंगी। ऐसे में अगर कोई स्कूल ट्रेनिंग प्रोग्राम में हिस्सा नहीं लेता, तो इसके लिए स्कूल मुखिया जिम्मेदार होंगे। उधर, उच्च शिक्षा उप निदेशक विजय सिंह ठाकुर ने ट्रेनिंग प्रोग्राम से वंचित स्कूलों के मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि सोमवार को होने वाले ट्रेनिंग प्रोग्राम में शिक्षकों को आवश्य भेंजे। ऐसा न होने पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पांच हजार प्रोत्साहन राशि मिलेगी
साइंस इंस्पायर अवार्ड स्कीम के तहत छठी से दसवीं तक के बच्चों को विज्ञान विषय में प्रथम स्थान हासिल करने पर पांच हजार रुपये प्रोत्साहन राशि मिलती है। यह प्र्रोग्राम साइंस विषय को बढ़ावा देने के लिए चलाया गया है। इस वर्ष से इस स्कीम को ऑनलाइन किया गया है। इसके चलते शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

Related posts