
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लेह-लद्दाख की हसीन वादियाें को निहारने के लिए पर्यटकों को टैक्सियों के चक्कर में नहीं पड़ना पड़ेगा। सबसे लंबे रूट दिल्ली-लेह (1015 किलोमीटर) पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के केलांग डिपो की बस सेवा शुरू हो गई है। बर्फबारी के चलते इस मार्ग पर बसों की आवाजाही सितंबर में बंद हो गई थी। करीब नौ माह बाद बस सेवा शुरू होने से लेह-लद्दाख जाने वाले पर्यटकों खुशी की लहर है। बस दिल्ली से दोपहर बाद पौने चार बजे लेह के लिए चलेगी। कुल्लू पहुंचने पर सुबह साढे़ छह बजे केलांग के लिए रवाना होगी। रात्रि ठहराव केलांग में होगा। अगले दिन सुबह पांच बजे लेह के लिए निकलेगी। लेह से दिल्ली के लिए बस सुबह पांच बजे चलेगी।
जिला प्रशासन ने सीमा सड़क संगठन की ओर से लेह मार्ग पर स्नो क्लीयरेंस के बाद सात जून को केलांग से सैलानियों की टीम रवाना कर दी थी। सूचना मिलते ही देश-विदेश के सैलानियों ने भी वाहनों की बुकिंग कर रातों-रात लेह की ओर निकलना शुरू कर दिया था। ट्रेवल एजेंसी मनाली से मिली जानकारी के मुताबिक विदेशी सैलानी मनाली पहुंचने के बाद लेह का दीदार किए बिना अपनी रोमांच भरी यात्री को अधूरा मानते हैं।
—
1523 रुपये किराया, बदलते हैं 3 चालक
दिल्ली-लेह बस में प्रति व्यक्ति किराया लगभग 1523 रुपये है। लेह से तीन दिन सफर करने के बाद बस दिल्ली पहुंचती है। बस में लेह से दिल्ली तक तीन चालक बदलते हैं। लेह से केलांग तक एक चालक बस को लेकर आता है। इसके बाद केलांग से दूसरा चालक बस को सुंदरनगर तक ले जाता है। सुंदरनगर से तीसरा चालक बस को दिल्ली लेकर जाता है। वापसी में भी यही क्रम चलता है।
—
बस में शुरू हुआ लेह का सफर
लेह के लिए बस सेवा शुरू होते ही विदेशी सैलानियों ने बस में लेह का सफर करना शुरू कर दिया है। 70 आरसीसी के कमांडिंग अफसर एस के एंथोनी ने बताया कि मनाली-लेह मार्ग से बर्फ हटाकर सड़क मार्ग को यातायात की आवाजाही के लिए फिट कर दिया गया है।
—
केलांग से सुबह 5 बजे जाएगी लेह
केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक गोपाल शर्मा ने बताया कि लेह-दिल्ली के बीच वाया लाहौल बस सेवा शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि केलांग आने वाले पर्यटक लेह की ओर निकलना चाहते हैं तो वे केलांग बस अड्डे से सुबह पांच बजे लेह के लिए निकल सकते हैं।
