
नई दिल्ली: सोना खरीदने वालों के लिए खुशखबरी। इसके दाम गिर रहे हैं और आगे भी गिरेंगे। लगभग दस दिनों में सोने के दाम 10 प्रतिशत तक गिर चुके हैं और इसकी कीमत चार महीने के न्यूनतम स्तर पर जा पहुंची है। बताया जाता है कि सरकारी पाबंदी हटने और ग्राहकों की खरीदारी में रुचि नहीं होने के कारण इसके दाम गिर गए हैं। ध्यान रहे कि सोने के दाम बढ़कर एक समय 35,074 रुपए प्रति दस ग्राम के स्तर पर चले गए थे।
निवेशक इस समय सोने की बजाय शेयरों और डॉलर में पैसा लगा रहे हैं। इतना ही नहीं बाजार में मंदी की अवधारणा होने से भी इसके दाम गिरे हैं। ‘द बुलियन ऐंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के महासचिव योगेश सिंघल ने कहा कि सोने के दाम अभी गिर सकते हैं लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें हैं। उन्होंने बताया कि नई सरकार से लोगों ने काफी उम्मीदें लगाई हैं और इसका भी सोने की कीमत पर असर पड़ सकता है।
वायदा बाजार में भी सोने के दाम गिरे हैं और उसे उम्मीद है कि सोने में गिरावट अभी जारी रहेगी। कुल मिलाकर हालात ऐसे हैं कि देश में फिलहाल सोने के दाम गिरने की संभावना पूरी है।
