अवैध खनन पर दो वाहनों से वसूला 15 हजार जुर्माना

राजपुर (सिरमौर)। डाकपत्थर-यमुना टापू में सिंघपुरा पुलिस के एएसआई रणजीत सिंह की टीम ने यमुना नदी में रेत बजरी की अवैध चोरी करते हुए एक ट्रक तथा एक ट्रैक्टर को धर दबोचा। पुलिस ने माइनिंग एक्ट के तहत दोनों वाहन चालक मनीष कुमार निवासी विकासनगर से दस हजार रुपये एवं भूरा सिंह निवासी ढकरानी से पांच हजार रुपये सहित कुल पंद्रह हजार रुपये जुर्माना वसूला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर को तपती धूप में उत्तराखंड राज्य के दो वाहन अवैध रेत बजरी की चोरी करने हिमाचल की सीमा के अंदर घुसे। सीमा के साथ लगते ग्रामीणों ने इसकी सूचना सिंघपुरा पुलिस को की। पुलिस एएसआई रणजीत सिंह तथा उनके साथ मुख्य आरक्षी जयप्रकाश, एचसी धर्ममोहन, एचसी विकास आदि जवानों ने यमुना नदी में अचानक छापामारी की तथा मौके पर ट्रक (नंबर यूके07सीए-3157) एवं ट्रैक्टर (नंबर यूके07सीए- 2131) को पकड़ा। हालांकि कुछ वाहन पुलिस की गाड़ी को देखते मौके-ए-वारदात से भागने में कामयाब हो गए, लेकिन तब तक दो वाहन चालकों को पुलिस अपने शिकंजे में ले चुकी थी। अवैध रेत बजरी चोरी के मामले में 15 हजार रुपये जुर्माना ठोका गया। पांवटा के डीएसपी योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि अवैध खनन माफिया के खिलाफ मुहिम छेड़ी जाएगी।

Related posts