
चंबा। चंबा-पुखरी मार्ग पर कियाणी के पास 175 मीटर केबल चोरी हो गई है। इसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई है। केबल चोरी होने से लगभग 32 फोन बंद पड़े हुए हैं। इसमें राजनगर स्थित जिला कारागार के लैंडलाइन फोन भी शामिल हैं। चोरों ने रात को अंडर ग्राउंड केबल को बड़ी चालाकी के साथ निकाला है। भारत संचार निगम ने चोरों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। भारत संचार निगम के सहायक अभियंता फकीर वर्मा व जेटीओ अनिल कुमार ने बताया कि कियाणी व राजनगर के बीच चोर निगम की करीब 175 मीटर उड़ा ले गए हैं। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा यहां पर अंडर ग्राउंड केबल बिछाई गई थी, लेकिन चोरों ने बड़ी चालाकी से जमीन के अंदर से केबल को निकाल लिया है और चुरा ले गए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी गई है। इससे पहले भी आठ मई को शहर के साथ लगते बालू कस्बे में चोर 235 मीटर केबल वायर काट ले गए थे। इससे जहां बीएसएनएल को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है, वहीं 590 लैंडलाइन फोन बंद पड़े हुए हैं।
