
रामपुर बुशहर। खनेरी अस्पताल परिसर में स्थित कंट्रोल रूम के पास बुधवार रात करंट लगने से विद्युत कर्मी की मौत हो गई। जबकि, घटना में मृतक की साली बाल-बाल बच गईं। इसके अलावा एक अन्य मजदूर भी करंट लगने से जख्मी हो गया है।
मृतक की पहचान हीरा लाल शर्मा निवासी शोली (ननखड़ी) के रूप में हुई। वह विद्युत बोर्ड में एएलएम पद पर कार्यरत थे। वह खनेरी अस्पताल परिसर में कंट्रोल रूम के साथ ही रहते थे। जानकारी के मुताबिक बुधवार रात तेज बारिश में बिजली गुल होने पर जब वह आवास से बाहर निकले तो उन्हें करंट लग गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी साली ज्वाला देवी बाल-बाल बच गईं। बताया जाता है कि करंट लगने वह दरवाजे से अंदर की तरफ गिर गईं, जिससे वह बच गईं।
बताया जा रहा है कि खनेरी अस्पताल के कुछ दूर 66 केवी लाइन टूटकर 22 केवी लाइन पर गिर गई। इससे 22 केवी लाइन ट्रिप हो गई और इस लाइन पर 66 केवी करंट पास हो गया। कंट्रोल रूम के पास लगा ट्रांसफार्मर 66 केवी वोल्टेज को सहन नहीं कर पाया। इसके चलते करंट जमीन में पास हो गया था। विद्युत कर्मी जब बाहर निकला तो बारिश के कारण जमीन गिली होने के कारण उसे करंट लग गया। डीएसपी आरपी जसवाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। जबकि, मृतक की साली सकुशल है। उन्होंने बताया कि करंट लगने से नेपाली मूल का एक युवक भी जख्मी हुआ है, जिसे खनेरी अस्पताल में भरती करवाया गया है। उधर, प्रशासन ने मृतक के परिजनों को बीस हजार की फौरी सहायता दे दी है। जबकि, बिजली बोर्ड ने भी मृतक के परिजनों को बीस हजार रुपये दिए हैं।
