
धौलाकुआं (सिरमौर)। गर्मियों का सीजन चरम पर पहुंच चुका है। वहीं क्षेत्र में दिनोंदिन पीने के पानी की किल्लत भी बढ़ने लगी है। कुछ लोगों ने जमीन के भीतर ही अपने टुल्लू पंप स्थापित कर रखे हैं। ऐेसे में टुल्लू पंप के प्रयोग से सैकड़ों लोगों को पीने के पानी की कमी से जूझना पड़ रहा है। क्षेत्र में दर्जनों ऐसे इलाके हैं जहां टुल्लू पंप के माध्यम से थोक में पानी जमा किया जा रहा है। वहीं कई क्षेत्रों में एक बूंद तक पानी सप्लाई नहीं हो पा रहा है।
धौलाकुआं की लहोल बस्ती, खैरी एवं गुज्जर बस्तियों में पेयजल किल्लत से लोग काफी परेशान हैं। पंचायत प्रधान मलकीत चौधरी के अलावा ग्रामीण रतन सिंह, मोहन सिंह, श्याम लाल, पवन कुमार और राधेश्याम आदि का कहना है कि न्यू कालोनी और लबाणा बस्ती क्षेत्र के लोगों को कई दिनों से पीने का पानी पर्याप्त नहीं मिल रहा। कुछ लोगों के खिलाफ ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई भी की गई है। मगर विभाग को चकमा देकर टुल्लू पंप का प्रयोग निरंतर किया जा रहा है। इस संबंध में आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता नाजिर हुसैन ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा टुल्लू पंप के प्रयोग की शिकायत उन्हें मिली है। जिस पर कार्रवाई की गई है। कुछ टुल्लू पंप जब्त भी किए गए हैं। अगर ऐसा कोई मामला दोबारा आया तो उनका पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा।
