मतदान में महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ा

बैजनाथ (कांगड़ा)। मतदान के बाद चुनाव नतीजे को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। लोग शादी समारोहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कांगड़ा सीट के अतिरिक्त अन्य तीनों सीटों पर जीत हार की चर्चा में व्यस्त हैं। बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र की बात की जाए तो मतदान करने के मामले में महिला मतदाताओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया है। कुल 76 हजार 701 मतदाताओं में से 46 हजार 507 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया और इनमें महिला मतदाताओं 25235 के मुकाबले पुरुष मतदाताओं 21 हजार 272 की संख्या कम रही है। सबसे अधिक मतदान पपरोला और धार क्षेत्र के सलेहरा में करीब 74 प्रतिशत हुआ है, जबकि बिलिंग में सबसे कम 28.6 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिले की सबसे दुर्गम पंचायत बड़ा भंगाल में हेलिकाप्टर की मदद से स्थापित पोलिंग बूथ में 87 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया है। तिब्बती समुदाय के 127 मतदाताओं में से अधिकांश ने बीड़ के चौगान और पपरोला खास के झिकली भेठ में स्थापित बूथों में अपने मत का प्रयोग किया है। छोटा भंगाल की सात पंचायतों के करीब 4500 मतदाताओं में से 2405 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है। बैजनाथ कस्बा के 3171 मतदाताओं में से 2012 और पपरोला में करीब चार हजार मतदाताओं में से 2692 ने अपने मत का इस्तेमाल किया है। शादियों का सीजन व फसल कटाई की व्यस्तता के बावजूद लोगों ने मत का प्रयोग करने को तरजीह दी है और करीब 61 प्रतिशत मतदान हुआ है। एसडीएम ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि मतदान शांतिपूर्वक रहा है और चुनावी प्रक्रिया को समस्त कर्मचारियों ने बखूबी अंजाम दिया है।

Related posts