
अंब (ऊना)। उपमंडल के करलूही में वीरवार दोपहर बाद हुई आगजनी में एक पशुशाला जलकर राख हो गई। आग की चपेट में पशुशाला में बंधी दो भैंसें भी आ गईं, जिसमें एक भैंस ने मौके पर दम तोड़ दिया। भीषण आग पर काबू पाने के चक्कर में एक 40 वर्षीय महिला भी बुरी से झुलस गई। उसे घायलावस्था में अंब अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों की देखरेख में घायल महिला का इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। दमकल विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। घटना में करीब दो लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार वीरवार देर दोपहर करलूही निवासी रसूलदीन के घर के पीछे बनी पशुशाला में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। भैंसों की आवाज सुनकर रसूलदीन की पत्नी हरपो बीबी शुशाला की ओर भागी, लेकिन तब तक पशुशाला पूरी तरह से आग की चपेट में आ गई थी। इसी दौरान आग को बुझाने के चक्कर में हरपो के कपड़ों में आग की चिंगारी गिरने से वह भी चपेट में आ गई। इससे वह लगभग 46 फीसदी तक झुलस गई। लेकिन उसने अपनी जान की परवाह किए बिना भैंसों को रस्से से खोला। फिर भी वह एक भैंस को बचा न पाई। बाहर निकालने के बाद एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी की हालत नाजुक है। उधर, घटना के बाद अंब प्रधान रमन कुमार, नायब तहसीलदार बलदेव ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी सहायता राशी प्रदान की है। वहीं अंब के एसडीएम अशोक चौहान ने विभागीय कर्मियों को नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दिए हैं।
