चाकू से हमलाकर युवती की नाक काटी

बद्दी (सोलन)। दो गुटों में झुग्गी लगाने को लेकर जम कर मारपीट हुई। झगड़े में एक युवती पर युवक ने चाकू से वार कर दिया। इसमें युवती की नाक पर चोट आई, वह लहूलुहान हो गई। मारपीट में एक अन्य कामगार भी बुरी तरह से जख्मी हुआ है।
बद्दी के लेबर चौक के समीप एक निजी जमीन पर झुग्गी बनाकर रहने वाले मुरादाबाद निवासी सुखबीर ने पुलिस को बताया कि एक स्थानीय व्यक्ति से डेढ़ सौ रुपये प्रति माह किराए पर झुग्गी लगाने के लिए जमीन ली। 15 दिन पूर्व जब वह झुग्गी बना रहा था तो समय साथ लगती जमीन पर उसकी पत्नी के सगे मौसा नौबत की पालक पांव के नीचे दब गई। इससे नरराज हो कर नौबत राम ने उसकी झुग्गी को आग लगा दी। दोनों परिवार रिश्तेदार होने पर इस मामले को दबा दिया गया। लेकिन नौबत राम के बेटे अमर सिंह ने सोमवार को उनका दोबारा चूल्हा तोड़ दिया। मंगलवार सुबह 11 बजे उसकी सास त्रिवेणी ने एतराज जताया तो अमर सिंह ने उसकी भी धुनाई कर दी। बीच बचाव में सुखबीर की साली अपनी मां को छुड़ाने आई, तो अमर सिंह ने चाकू से नाक पर वार किया, जिससे वह लहुलुहान हो गई। सुखबीर उस समय ड्यूटी पर झाड़माजरी में था। सास ने उसे फोन करके बुलाया तो अमर सिंह ने उसकी भी धुनाई कर दी। उसकी बाजू में दांत गाड़ दिए तथा रस्सी से गला घोटने का प्रयास किया गया। इस बीच शोर मचाने पर साथ लगते लोगों ने उसे छुड़ाया। गले से रस्सी निकाली। पुलिस ने सुखबीर और उसकी साली का बद्दी सीएचसी में मेडिकल कराया। पुलिस ने नौबत राम व अमर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी अरुल कुमार ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।

Related posts