कामर्स में एक भी छात्र मेरिट में नहीं

मंडी। हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से मंगलवार को जमा-दो वार्षिक परीक्षा का रिजल्ट घोषित हो गया। वाणिज्य संकाय में जिला मंडी से कोई भी विद्यार्थी मेरिट सूची में स्थान हासिल नहीं कर पाया है। वोकेशनल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र स्कूल जोगिंद्रनगर के छात्रों का मेरिट में दबदबा रहा। साइंस संकाय की मेरिट में निजी स्कूल आगे रहे।
वाणिज्य संकाय की टॉप टेन लिस्ट में जिला मंडी के सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों में से कोई भी स्थान हासिल नहीं कर पाए। साइंस संकाय में न्यू क्रिसेंट सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल जोगिंद्रनगर की स्वेता ठाकुर ने 478 अंक लेकर प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल कर जिला और स्कूल का नाम रोशन किया। वर्धमान महावीर पब्लिक स्कूल पुंघ सुंदरनगर की छात्रा भार्गवी ने 474 अंक लेकर मेरिट सूची में सातवां और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल गोपालपुर की छात्रा वसुंधरा ने 473 अंक लेकर प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। वर्धमान महावीर पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल पुंघ सुंदरनगर की तान्या पठानिया 471 अंक लेकर दसवां स्थान पर रही। वोकेशनल की मेरिट सूची में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र स्कूल जोगिंद्रनगर का दबदबा रहा। इसी स्कूल के चार छात्रों ने मेरिट सूची में स्थान हासिल किया। छात्र सुवेश कुमार 668 अंक लेकर प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहे। दीपक 651 अंकों के साथ चौथे, मनोज कुमार 648 अंक लेकर छठे और शिवम 637 अंक प्राप्त कर मेरिट में नौवें स्थान पर रहे।

Related posts