गोबिंदसागर में शव मिलने से सनसनी

नयनादेवी (बिलासपुर)। तीन मई से लापता हुए कोठी हरयाला स्कूल के वाटर कैरियर का गोबिंदसागर में शव बरामद हुआ है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। नकराणा पंचायत के समीप गोबिंदसागर में लोगों ने शव को बहते हुए देखा। इसकी सूचना तुरंत को पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन आरंभ कर दी है।
मृतक की पहचान छोटू राम (35) पुत्र बुद्धिराम निवासी नकराणा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को झील से बाहर निकाल कर क्षेत्रीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस से मिली सूचना के अनुसार मृतक छोटू राम तीन मई से घर से लापता था। वह कोठी हरयाला स्कूल में वाटर कैरियर के पद पर नियुक्त था। वह हर रोज की भांति तीन मई को भी स्कूल के लिए घर से निकला था। उसके बाद वह लौटकर घर नहीं आया। परिजनों ने उसे कई जगह तलाश किया, किंतु उसका पता नहीं चला। उसकी मौत कैसे हुई यह एक पहेली बनी हुई है। उसने आत्महत्या की या फिर वह किसी हादसे का शिकार हुआ। कहीं उसे सुनियोजित षड्यंत्र के तहत तो नहीं मारा गया। ऐसे तमाम बिंदुओं पर फोकस करते हुए पुलिस जांच कर रही है। नयनादेवी के डीएसपी विनोद कुमार ने कहा कि पुलिस ने सेक्शन 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

Related posts