
चंबा। जिला अस्पताल में एक-एक बेड पर तीन-तीन मरीजों का उपचार चल रहा है। अस्पताल में बिस्तरों की कमी का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। इससे मरीजों को करवट बदलना तक मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दर्द कम होने की बजाय अधिक बढ़ जाता है। मरीजों की संख्या बढ़ने से वार्ड में सेवाएं दे रही स्टाफ नर्सों को भी परेशानी हो रही है। मंगलवार को जिला अस्पताल की चौथी मंजिल में कुल 62 बिस्तरों में 101 के करीब मरीज उपचाराधीन थे। एक बिस्तर पर तीन-तीन मरीज होने के कारण संक्रमण होने का भी खतरा पैदा हो रहा है। जिला अस्पताल में उपचाराधीन हेमराज, जय सिंह, खेम राज, जानबेग, हंसराज, ग्राम पंचायत सराहण के धर्म चंद ने बताया कि एक-एक बेड पर दो या तीन मरीजों का उपचार संभव नहीं है। एक बेड पर दो मरीज होने के कारण मरीजों को काफी तकलीफ हो रही है। उन्होंने जिला अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल में मरीजों की समस्याओं का समाधान किया जाए।
उधर, जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि अस्पताल में 200 बिस्तरों की व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि गर्मियों के चलते लोग बीमारियों की चपेट में अधिक आ रहे हैं। इससे अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि अस्पताल का नया भवन बनने से यह समस्या खत्म हो पाएगी।
