गज खड्ड में एक साथ जलीं दो चिताएं

धर्मशाला। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत चड़ी-घेरा मार्ग पर हाई स्कूल भित्तलू के पास बिंगर गाड़ी के लुढ़क जाने से हुए हादसे के बाद पुलिस चालक को हिरासत में लेगी। पुलिस ने वर्कशाप से इसकी मेकेनिकल रिपोर्ट भी मांगी है। वहीं, पुलिस अब क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेने जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हादसे की वजह चालक की लापरवाही ही रही है। चालक की ओर से चढ़ाई पर गाड़ी खड़ी कर सवारियां बिठाने और टायरों में पत्थर न लगाने पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। चालक की लापरवाही से तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं, चार घायलाें का इलाज टांडा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घायलों की हालत खतरे के बाहर बताई जा रही है। टीएमसी में अमर, देस राज, प्रीतम, आेंकार सिंह और पिंकी का इलाज चल रहा है। वहीं, सुमना देवी निवासी नादौन के शव का अंतिम संस्कार नादौन में हुआ। गज खड्ड भितलू में सैनिक अमर सिंह के बड़े भाई प्रकाश चंद ने अपने पिता जागो राम और छाया देवी के शवाें को मुखाग्नि दी। इस मौके पर पूरे गांव के लोग उपस्थित रहे। लोगों ने मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना भी की। वहीं, रिश्तेदार भी नम आंखों से अंतिम संस्कार में उपस्थित रहे। एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस जल्द ही गाड़ी को कब्जे में लेगी। साथ ही चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

दोपहर बाद दी शवों को मुखाग्नि
द्रम्मण (कांगड़ा)। इलाके में बारिश होने के कारण दाह संस्कार दोपहर के बाद किया गया। बारिश थमने के बाद ही शवों को श्मशानघाट लाया गया। सुबह ही तमाम रिश्तेदार सैनिक अमर सिंह के घर पहुंचना शुरू हो गए। अंतिम संस्कार में आसपास के इलाकों से भी लोग पहुंचे।

Related posts