
रोहडू। पुजारली सड़क पर मंडारली से पहले ओड़ीधार में ऑल्टो कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौके पर मौत हो गई है। कार में सवार अन्य दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रोहड़ू में भर्ती किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुठाड़ी गांव निवासी अंकुश की ऑल्टो कार में खलगार गांव निवासी बलबीर सिंह और रमेश रविवार देर शाम रोहड़ू से घर की ओर जा रहे थे। ओड़ीधार में चालक का नियंत्रण खोने के बाद कार करीब पंद्रह मीटर खाई में लुढ़क गई। घटना के दौरान कुठाड़ी गांव निवास कार चालक अंकुश की मौके पर मौत हो गई। पता चलने पर लोगों ने हादसे में घायल बलबीर और रमेश को उपचार के लिए रोहड़ू अस्पताल में भर्ती किया है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस को बयान में घायल बलबीर ने बताया कि हादसा चालक की तेज रफतार के कारण वाहन पर नियंत्रण खोेने से हुआ है। इस संबंध में थाना प्रभारी अमर चंद ने बताया कि पुलिस ने घायलों के बयान के आधार पर दुर्घटना का मामला दर्ज कर दिया है। पुलिस दुर्घटना के मामले की जांच कर रही है। अस्पताल में घायल दोनों व्यक्तियों की हालात में उपचार के बाद सुधार हो रहा है। प्राथमिक जांच में हादसा चालक की लापरवाही से होने की संभावना है।
