चौपाल में ट्रैक्टर खाई में गिरा, दो की मौत

चौपाल ( शिमला)। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे चौपाल-सरांह मार्ग पर सरकली के समीप एक ट्रैक्टर दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि ट्रैक्टर में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में शिकार सभी लोग सिरमौर के रहने वाले हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चौपाल अस्पताल से आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों और घायलों को फौरी राहत दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे एप्लाइड फार ट्रैक्टर सरकली से धबास की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर में कुल पांच व्यक्ति सवार थे। इसी दौरान सरकली के पास ट्रैक्टर गहरी खाई में गिर गया। घटना में सिरमौर के शिलाई निवासी मोहन सिंह और सूरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिलाई निवासी बिट्टु राम, प्रकाश और नारायण गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए चौपाल अस्पताल पहुंचाया । जहां से उन्हें आईजीएमसी रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस थाना प्रभारी चौपाल शंकर सिंह चंदेल ने बताया कि दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौत हो गई है। जबकि तीन व्यक्ति घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, एसडीएम चौपाल चमनलाल शर्मा ने बताया कि मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार और घायलों को पांच-पांच हजार की फौरी राहत प्रशासन की ओर से दी गई है।

Related posts