
सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर जड़ोल के निकट टवेरा और परिवहन निगम की बस की टक्कर में सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सुंदरनगर में नागरिक अस्पताल में भरती करवाया है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार वीरवार दोपहर हाइवे पर टवेरा और परिवहन निगम की बस के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में टवेरा में सवार सात लोग ऊषा, दलीप कुमार, नूतन, कुलदीप, रणवीर, शोभा देवी और डैनी घायल हो गए। सभी घायल कोलकाता के हैं। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए सुंदरनगर नागरिक अस्पताल में भरती करवाया है। जहां उपचार के बाद घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल सभी मनाली घूमने जा रहे थे। डीएसपी सुंदरनगर कुलभूषण वर्मा ने बताया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना के कारणाें की जांच की जा रही है।
