
रोहडू। नावर क्षेत्र की थाना भैधार सड़क पर मैटलिंग का कार्य टेंडर होने के बीस माह बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। हालांकि इन दिनों मैटलिंग के लिए मौसम अनुकूल है। इस कारण स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग उठाई है कि शीघ्र ही सड़क पर कार्य शुरू किया जाए, ताकि बरसात से पहले सड़क पक्की हो जाए।
थाना भैधार सड़क पर करीब आठ लाख रुपये की लागत से होेने वाली मैटलिंग का टेंडर सितंबर 2012 को हुआ था। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग ने कार्य ठेकेदार को अवार्ड कर दिया है, लेकिन अभी तक सड़क की मैटलिंग का कार्य शुरू नहीं हुआ है। मैटलिंग के लिए मई और जून का महीना सबसे अनुकूल होता है, लेकिन ठेकेदार सही समय पर मैटलिंग शुरू नहीं कर कर रहा है। जुलाई माह से बरसात शुरू हो जाएगी होगी। उसके बाद मैटलिंग का कार्य करना मुश्किल हो जाएगा। स्थानीय लोगों में कार्य समय पर शुरू न किए जाने पर रोष है। स्थानीय निवासी राम प्रकाश जगीथटा, हरदेश जगीथटा, भजन दास, रीछपाल पापटा और नारायण सिंह पानेट ने बताया कि सड़क की मैटलिंग का टेंडर हुए बीस माह से अधिक समय हो गया है, लेकिन ठेकेदार ने अभी तक सड़क पर कार्य शुरू नहीं किया है। ग्रामीणों की मांग है कि बरसात शुरु होने से पहले सड़क को पक्का किया जाए। सड़क के लिए पूर्व बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा ने बजट स्वीकृत करवाया था।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एनएल चौहान ने बताया कि ठेकेदार काम शुरू नहीं कर पाया है। अगर कुछ दिन के भीतर कार्य शुरू नहीं किया गया तो टेंडर रद करवा दिया जाएगा।
