पानी का दुरुपयोग किया तो कटेगा कनेक्शन

मंडी। गर्मी के मौसम में पीने के पानी का दुरुपयोग करना महंगा पड़ेगा। ऐसा करने वाले उपभोक्ताआें से विभाग सख्ती से निपटेगा। आईपीएच विभाग ने गर्मी के सीजन में विभाग द्वारा सप्लाई पीने का पानी व्यर्थ न गंवाने की हिदायत दी है। साथ ही पीने के पानी का निर्माण एवं अन्य कार्याें में इस्तेमाल न करने का आग्रह किया है। विभाग ने पानी की टंकीयों की सफाई और ओवरफ्लो से बचने के भी निर्देश दिए हैं। अवहेलना पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसमें नोटिस देने के बाद संबंधित व्यक्ति का पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा।
शहर में पानी के दुरुपयोग को रोकने के लिए विभाग ने एक विशेष जांच दल का गठन किया है। यह पानी की व्यर्थता पर नजर रखेगा। इस बीच यदि कोई पानी का दुरुपयोग करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पानी की समस्या पर यहां करें डायल
मंडी में उपभोक्ताआें की समस्याआें को लेकर विभाग ने दूरभाष नंबर जारी किए हैं। इसके तहत उपभोक्ता पानी की समस्या को लेकर दूरभाष नंबर 222955 पर विभाग से संपर्क कर सकता है। सीवरेज की समस्या को लेकर 9218600945 नंबर विभाग ने जारी किया है।

तीन सौ परिवारों को
नोटिस की तैयारी
बिल अदा न करने पर कसेगा शिकंजा
मंडी। आईपीएच विभाग पानी के बकाया बिलों को न भरने वालाें पर भी सख्त हो गया है। शहर के जिन उपभोक्ताओं ने बिल की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया है उन्हें विभाग अब नोटिस जारी करेगा। विभाग को मौजूदा समय में शहर के करीब तीन सौ से अधिक उपभोक्ताओं से बकाया राशि लेनी है। विभाग इन उपभोक्ताओं को जल्द नोटिस जारी करेगा। इस पर विभाग ने सख्ती बरतते हुए शहर के सभी पानी के उपभोक्ताओं को तय समय सीमा में बिल और बकाया राशि का भुगतान करने की हिदायत दी है। इसके साथ ही विभाग ने शहर के सभी उपभोक्ताओं जिनके पानी के मीटर खराब हैं उन्हें खराब मीटरों को तुरंत बदलने के निर्देश दिए हैं।

जल्द करें बकाया बिलों का भुगतान
शहर के जिन उपभोक्ताआें के पानी के बिल बकाया हैं वे जल्द भुगतान करें। विभाग भुगतान न करने वाले उपभोक्ताआें को नोटिस जारी करेगा। उपभोक्ता खराब पड़े मीटरों को भी जल्द बदलवाए।
-आरके सैनी एसडीओ आईपीएच विभाग मंडी।

Related posts