सरकाघाट में विवाहिता के साथ गैंगरेप

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट की एक विवाहिता के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुराचार किया। पीड़िता की शिकायत पर सरकाघाट पुलिस ने आईपीएच की धारा 376 डी के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 31 वर्षीय पीड़ित महिला ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह और उसका पति मजदूरी का काम करते हैं। 22 अप्रैल को उसके साथ काम करने वाले दो युवकों ने कहा कि ठेकेदार ने दूसरे गांव में निर्माणाधीन भवन की शटरिंग खोलनी है, उसे भी साथ चलना होगा। पीड़िता के मुताबिक दोनों युवक उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए। जब दोनों युवक बताए गए गांव के बजाय कहीं और जगह ले जाने लगे तो महिला ने इस बारे में युवकों से पूछा। लेकिन दोनों ने जवाब दिया कि थोड़ी दूर काम है। शीघ्र ही वापस शटरिंग खोलने के लिए आ जाएंगे। इसी बीच एक युवक ने महिला को खाने के लिए लड्डू दिया। इसे खाकर वह बेहोश हो गई। दोनों युवक उसे सुनसान जगह पर ले गए। जहां दो और युवक आ पहुंचे और सबने उसे हवस का शिकार बनाया। इसके बाद महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने पुलिस को बयान दिया कि किसी तरह वह दुर्गापुर पहुंची। जहां उसे उसका चचेरा भाई मिला और उसी ने उसे घर तक छोड़ा। 26 अप्रैल को महिला ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों के साथ पुलिस थाना पहुंच कर पीड़ित ने दुराचार की शिकायत दर्ज करवाई। तीन आरोपी महिला के गांव के ही रहने वाले हैं। एक युवक दूसरे गांव का है। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता की मेडिकल जांच करवाई जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस दल मौके पर रवाना हो गया है।

Related posts