आईटीआई छात्रों की खेलकूद स्पर्धा आरंभ

सुंदरनगर (मंडी)। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के छात्रों की नौंवी जिला स्तरीय चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुक्रवार को सुंदरनगर में आरंभ हो गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सुंदरनगर के प्राचार्य आरके शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता मेें हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से खेल को खेल भावना से खेलने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शरीर को स्वस्थ और सुदृढ़ रखने के लिए खेलें महत्वपूर्ण हैं। प्रतियोगिता में जिलाभर की 10 सरकारी और एक निजी आईटीआई के करीब 350 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान बास्केटवॉल, वॉलीबाल, खोखो और वुशु के अलावा दौड़ प्रतियोगिताएं होंगी।
शुक्रवार को प्रतियोगिता के पहले दिन कबड्डी का पहला मैच भदरोता और हैप्पी यंग के बीच खेला गया। इसमें हैप्पी यंग ने 41 और भद्रोता ने 23 अंक बनाए। मैच हैप्पी यंग आईटीआई के छात्रों ने जीत लिया। दूसरा मैच बगस्याड और मंडी के बीच खेला गया। इसमें बगस्याड ने 28 और मंडी ने 64 अंक अर्जित कर जीत दर्ज की। तीसरा मैच पपलोग तथा बतैल के बीच खेला गया। इसमें से पपलोग ने 46 अंक बनाकर जीत दर्ज की। बतैल केवल 35 अंक ही अर्जित कर पाया। वालीबाल के पहले मैच में चच्योट ने भद्रोता को 2-0 के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। एक अन्य मैच में बतैल ने सुंदरनगर को 2-0 से शिकस्त दी। डैहर और संधोल के बीच हुए मैच में संधोल 2-0 के अंतर से विजेता रहा। इस अवसर पर खेल सचिव देवेंद्र राणा, सदस्य सचिव प्रदेश राज्य खेल परिषद के सदस्य पीएन आजाद और सुंदरनगर आईटीआई के प्राचार्य आरएस बन्याल मौजूद रहे।

Related posts