कनेहड़ गांव में आग से लाखों की क्षति

जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र की पिपली पंचायत के कनेहड़ गांव में शुक्रवार को सुबह एक मकान में आग लगने सामान जलकर राख हो गया। आगजनी में करीब पांच लाख की क्षति होने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार कनेहड़ गांव के बहादुर सिंह के मकान में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अचानक आग भड़क गई। बहादुर सिंह ने बताया कि यह हादसा शार्ट सर्किट से हुआ। मकान में आग से सवा लाख की नकदी के अलावा दो लाख रुपये के गहने समेत अन्य सामान जल गया है।
बहादुर ने कहा कि जो कमरा जलकर राख हुआ है। उस कमरे में एक लाख 20 हजार की नकदी, पत्नी और बेटी के करीब 2 लाख सोने-चांदी के आभूषण, रंगीन टेलीविजन, अलमारी, बक्से, कपड़े और अन्य घरेलू सामान रखा था। यह पूरी तरह जलकर राख हो चुका है। साथ में मकान की छत और स्लेट भी तबाह हो गए हैं। मामले की सूचना राजस्व विभाग और पुलिस को दे दी गई है। विधायक गुलाब सिंह ठाकुर ने इस अग्निकांड पर दुख जताया है। पिपली के उपप्रधान इंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रभावित परिवार को अधिक से अधिक आर्थिक मदद दी जाए।

Related posts