
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा हलके से कांग्रेस पार्टी से बाहर चल रहे एक पूर्व विधायक के समर्थकों ने प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य के देहरा पहुंचने पर उनकी वापसी की मांग की। इस दौरान विक्रमादित्य की उपस्थिति में हंगामा भी हुआ। संबंधित नेता के समर्थकों ने विक्रमादित्य के सामने आरोप लगाया कि इलाके के कुछ कांग्रेसी इन नेता की वापसी में रोड़ा अटका रहे हैं। जबकि इन कांग्रेसी नेता के पास अपना एक बड़ा वोट बैंक है। समर्थकों ने विक्रमादित्य के सामने कहा कि यदि हमारा नेता बागी हैं तो हम भी बागी हैं। क्योंकि जब-जब यह नेता अपने इलाके में मजबूत हुआ, पार्टी से उसका टिकट काट दिया। इस कारण उन्होंने समर्थकों के कहने पर आजाद उम्मीदवार के तौर पर टिकट लड़ा।
काफी हंगामा देख विक्रमादित्य ने बागी नेता के समर्थकों को शांत करवाया और कहा कि उनकी मांग को पार्टी हाईकमान के पास पहुंचा दिया जाएगा। लेकिन पहले सभी पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर कांग्रेस के उम्मीदवार राजेंद्र राणा को जिताने के लिए मेहनत करें।
