टांडा की निजी लैब पर बैठाई जांच

धर्मशाला। टांडा मेडिकल कालेज में चल रही एक निजी लैब पर सीएमओ कांगड़ा ने जांच बिठा दी है। एक निजी लैब में एचआईवी टेस्ट के बाद एक नेगेटिव मरीज को पॉजिटिव बता दिया था। ‘अमर उजाला’ ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। इस मामले की सीएमओ का कार्यभार देख रहे एसएमओ अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं। जल्द ही जांच रिपोर्ट को टांडा के एमएस दिनेश सूद सीएमओ कांगड़ा को सौंपेंगे।
टीएमसी कॉलेज में चल रही निजी लैब में एक मरीज की एचआईवी रिपोर्ट को पॉजिटिव बताया गया था। हालांकि यह मरीज एचआईवी पॉजिटिव नहीं था। रिपोर्ट आने के बाद मरीज काफी परेशान रहा। मरीज ने बाद में सरकारी लैब में भी एचआईवी जांच करवाई थी। यहां से रिपोर्ट नेगेटिव आई। इसके बाद मरीज रिपोर्ट को लेकर चिकित्सकों से भी मिला। इसके बाद निजी लैब से गलत रिपोर्ट बनाने का मामला उजागर हुआ था। सीएमओ का कार्यभार देख रहे एसएमओ डा. बीएम गुप्ता ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts