अब भी नहीं भरा बिल तो कटेगी बिजली

धर्मशाला। लंबे समय से बिजली बिलों की अदायगी न करने वाले उपभोक्ताआें के खिलाफ बिजली बोर्ड ने कार्रवाई का मन बना लिया है। ऐसे डिफाल्टर उपभोक्ताओ के बिजली के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। पहले भी कई बार बिलों की अदायगी को लेकर नोटिस के माध्यम से बोर्ड जानकारी दे चुका है मगर उपभोक्ता बिजली के बिल अदा करने को तैयार नहीं।
इस कारण हर माह डिफाल्टरों की संख्या बढ़ती जा रही थी। पहले जहां इनकी संख्या सैकड़ों में थी, वहीं अब डिफाल्टराें की संख्या हजारों में पहुंच गई है। मौजूदा समय में 16 हजार उपभोक्ताओं ने बिजली के बिलों की अदायगी नहीं की है। इनमें कुछेक सरकारी विभाग भी शामिल हैं। इन उपभोक्ताओं से बोर्ड ने डेढ़ करोड़ रुपये की राशि वसूल करनी है। अब बोर्ड ने फिर से उपभोक्ताओं को बिल भेजकर अदायगी करने को नोटिस भेजा है। इस बार भी बिलों की अदायगी नहीं होती है तो बोर्ड इन तमाम उपभोक्ताओं के बिजली के कनेक्शन काटेगा। इससे पहले सैकड़ों उपभोक्ताओं के बिजली के कनेक्शन अस्थायी तौर पर भी काटे जा चुके हैं। ये तमाम ऐसे उपभोक्ता है, जो बिजली यूज कर रहे हैं मगर बिलों की अदायगी नहीं कर रहे हैं। उपभोक्ताओं को 15 दिनों के अंदर बिलों की अदायगी बोर्ड को करनी होगी।

इनसेट…
डेढ़ करोड़ करना है वसूल : चड्ढा
एसडीओ धर्मशाला एसके चड्ढा ने कहा कि 16 हजार उपभोक्ता बिजली के बिल अदा नहीं कर रहे हैं। इनसे बोर्ड ने डेढ़ करोड़ रुपये वसूल करना है। इनको बिल भेजकर राशि का भुगतान करने को कहा गया है। उपभोक्ता ऑनलाइन भी बिजली के बिल जमा करवा सकते हैं।

इनसेट…
सरकारी विभागों ने भी नहीं भरा बिल
डीसी आफिस से 6 लाख, नगर परिषद ने 22 लाख, क्षेत्रीय अस्पताल प्रशासन ने 2 लाख बिजली का बिल नहीं भरा है। बिलों की अदायगी नहीं होती है तो इनके बिजली के कनेक्शन काटे जा सकते हैं।

Related posts