
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कसते हुए सीआईडी की टीम ने शुक्रवार को चाहड़ी गांव में छापामारी कर एक दुकान से 450 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। गुप्ता सूचना के आधार पर की गई इस छापामारी में चाहड़ी के एक युवक संजीव को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार डीएसपी सीआईडी बद्रीनाथ और इंस्पेक्टर भगवंत सिंह के निर्देशों पर उपनिरीक्षक अर्जुन देव, मुख्य आरक्षी ऋषिवंश, प्रदीप, अनीता कुमारी और रणवीर सिंह ने दुकान में छापा मारकर दुकान के अंदर रखी 450 ग्राम चरस बरामद की। इस मामले में हिरासत में लिए गए युवक के खिलाफ शिमला भराड़ी स्थित थाने में मामला दर्ज किया है। डीएसपी बद्रीनाथ ने इस मामले की पुष्टि की है।
