
रोहडू। चिड़गांव तहसील की खरशाली और शिलादेश पंचायत के लोग क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उग्र हो गए हैं। गुस्साए ग्रामीणों ने एसडीएम यशपाल सिंह वर्मा को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि शिलादेश और खरशाली पंचायतों में पांच माह से रसोई गैस की सप्लाई नहीं भेजी गई है। इस कारण लोगों को खाना बनाना मुश्किल हो गया है। रोहडू-लड़ोट बस सेवा को वाया खरशाली भेजा जा रहा है। शिलादेश के ग्रामीणों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। उन्होंने परिवहन निगम के अधिकारियों से कई बार मांग उठाई गई है कि शिलादेश पंचायत और खरशाली पंचायत को अलग-अलग बस भेजी जाए, लेकिन अभी तक समस्या जस की तस है।
शिलादेश और खरशाली पंचायत समिति सदस्य रामेश्वर रतवान, शिलादेश पंचायत प्रधान रावल नाथ, उपप्रधान राजा राम, सलम सिंह, अमर सिंह, सुरेश, प्रेम सिंह, नेगी राम, नेहर सिंह, राजिंद्र सिंह, मिचर सैन, राम गोपाल, सागरू मल, नागरू, चंद्रशेखर, शेर सिंह, सीता राम, जगदीश और राम नाथ ने बताया कि ग्रामीण रसोई गैस की अनियमित सप्लाई से जूझ रहे हैं। साथ ही शिलादेश और खरशाली पंचायत के लिए एक ही बस भेजी जा रही है, जबकि ग्रामीण दोनों पंचायतों को अलग-अलग बसें भेजने की मांग उठा रहे हैं। एसडीएम रोहडू यशपाल सिंह वर्मा ने लोगों को आश्वासन दिया है कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
