चुनाव निकट आते ही बढ़ी शराब की तस्करी

कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। लोक सभा चुनाव नजदीक आते ही क्षेत्र में शराब की तस्करी बढ़ रही है। बीती रात कुमारसैन क्षेत्र में अवैध शराब से भरा टेंपो पलटने के बाद पुलिस के हाथ शराब की एक बड़ी खेप लगी है। यह शराब ईंटों के बीच छुपाकर ले जाई जा रही थी। लोगों में चरचा है कि यह शराब लोक सभा चुनाव के दौरान वोटरों को लुभाने के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस थाना कुमारसैन के तहत राष्ट्रीय उच्च मार्ग 22 पर ओडी के निकट डीगाधार में वीरवार रात देसी शराब से भरा टेंपो पलट गया। टेंपो पलटने के बाद इसके चालक परिचालक फरार हैं। अगर यह शराब किसी ठेकेदार की होती है तो चालक और परिचालक मौके से फरार नहीं होते। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टेंपो एचपी 10-2835 में करीब 264 पेटियां देसी शराब ईंटाें के नीचे डाल कर ले जाई जा रही थी। जोगशा में टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क में ही पलट गया। इस कारण से शराब से भरी पेटियां और बोतलें सड़क पर बिखर गई। दुर्घटना के बाद से ही वाहन में सवार चालक परिचालक फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस दल ने शराब को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
रामपुर के डीएसपी सोम दत्त ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह ट्रक चौपाल के हंस राज पुत्र दौलत राम का है। इसका पंजीकरण रोहडू से हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related posts