सड़क हादसों में 7 जख्मी

देहरागोपीपुर/ हरिपुर/नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। जिले में दो सड़क हादसों में महिला समेत सात लोग जख्मी हो गए हैं। वनखंडी के बगलामुखी मंदिर के निकट एक तीखे मोड़ पर तेल टैंकर और गुड्स कैरियर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप में घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए टांडा रेफर कर दिया गया है। हरिपुर पुलिस ने तेल टैंकर चालाक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। टैंकर चालक धर्मशाला से होशियारपुर की ओर जा रहा था, जबकि देहरा से कांगड़ा की ओर गुड्स कैरियर जा रहा था। हादसे में तेल टैंकर चालक संजीव कुमार निवासी सिद्धपुर (धर्मशाला) और गुड्स कैरियर चालक रणवीर सिंह पुत्र सुखवीर सिंह निवासी तारका तहसील नरवाणा, जींद (हरियाणा) गंभीर रूप में घायल हो गए। दोनों को 108 नंबर एंबुलेंस के जरिये टांडा पहुंचाया गया। थाना प्रभारी हरिपुर मनोहर चौधरी ने मामले की पुष्टि की है।
उधर, पुलिस स्टेशन नगरोटा बगवां क्षेत्र के अंतर्गत ठानपुरी गांव में उच्च मार्ग 20 पर बुधवार को एक टिपर और दो कारों की भिड़ंत में पांच व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 4 पुरुष तथा एक महिला शामिल है। जानकारी के अनुसार रेत से भरा टिपर पठानकोट से पालमपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में गांव ठारू (नगरोटा बगवां) से कांगड़ा की तरफ जा रही एक कार के साथ ठानपुरी के समीप एनएच पर बने पुल पर दोनों की टक्कर हो गई। कार के पीछे चल रही एक अन्य कार को भी नुकसान हुआ है। भिड़ंत इतनी जोर से हुई कि टिपर पुल के नीचे जा गिरा, जबकि बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार लगभग 15 फुट दूर खेत में जा गिरी। कार में सवार ठारू निवासी अजय कुमार और सुनेहढ़ निवासी अशोक कुमार, टिप्पर में सवार बधाणी (पठानकोट) निवासी विनोद और सुंगल निवासी विशाल तथा दूसरी कार में सवार मझेरनू निवासी चिंता देवी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। यातायात पुलिस प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Related posts