
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर पुलिस ने चौरा के पास चेकिंग अभियान के दौरान एक बोलेरो कैंपर गाड़ी में सवार दो लोगों को 365 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार भावानगर थाना प्रभारी प्रेम सिंह नेगी ने बताया कि मुख्य आरक्षी सुखदेव, मानक मुख्य आरक्षी हेम चंद और कांस्टेबल सुनील कुमार किन्नौर के प्रवेश द्वार चौरा में आचार संहिता के चलते चेकिंग पर थे। इसी दौरान एक बोलेरो कैंपर गाड़ी नंबर एचपी 25 ए 0594 जो कि रूपी से रामपुर की तरफ जा रही थी। पुलिस ने शक के आधार पर गाड़ी की चेकिंग की तो चालक रविकांत 23 वर्ष निवासी गांव किन्नू तहसील रामपुर, रूपी पंचायत के डवलिंग निवासी श्याम सिंह और रूपी पंचायत के गांव गुरगुरी के देव कुमार से 365 ग्राम चरस बरामद की।
इस संबंध में एसपी किन्नौर अजय सिंह बौद्ध ने बताया कि पुलिस ने चालक सहित दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी चरस को कहां ले जा रहे थे, इसकी ने छानबीन की जा रही है।
